कांग्रेस का आरोप- बगैर हाउस से मंजूरी लिए खेल मैदानों का काम अलॉट कर रहा निगम

जालंधर| कांग्रेस ने नगर निगम की तरफ से अलॉट किए जा रहे विकास कार्यों के टेंडरों में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। हाउस से मंजूरी लिए बगैर ही काम अलॉट कराए जा रहे हैं। ये गलत है। जिला शहरी कांग्रेस कमेटी के प्रधान एवं पूर्व विधायक राजिंदर बेरी ने कहा कि सेंट्रल विस हलका में जो खेल मैदान बनाने के नए काम अलॉट किए जा रहे हैं, इनमें टेंडरिंग में ठेकेदारों ने केवल 2 फीसदी तक कीमतों में कमी की है। जबकि जो सड़कों के काम नगर निगम करवा रहा है, इसमें 35 फीसदी तक कीमतों में कमी ठेकेदारों ने की है। बेरी ने कहा कि खेल मैदानों व सड़कों के काम कांट्रेक्टरों को अलॉट करने में कीमतों में की गई कमी में इतना बड़ा अंतर नगर निगम के कामकाज की पोल खोल रहा है। नगर निगम अब उन कॉन्ट्रैक्टरों को काम अलॉट कर रहा है, जो पहले जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट में काम कर रहे थे। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के कामकाज में भारी कमियां थीं, इसी कारण ये ट्रस्ट 100 करोड़ से अधिक का देनदार बना है। कामों को अलॉट करने में लापरवाहियों का सिलसिला अब नगर निगम में चालू कर दिया गया है।