जालंधर में पेट्रोल पंप पर लूट:दो लुटेरों ने पिस्टल की नोक पर उड़ाए ₹2 लाख, CCTV फुटेज आया सामने

जालंधर के गांव धालीवाल कादियां स्थित काला संघिया रोड पर बने हिंदुस्तान पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर सोमवार रात करीब 8 बजे दो हथियारबंद लुटेरों ने पिस्तौल दिखाकर ₹2 लाख नकद लूट लिए और खेतों की ओर फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। पंप के कर्मचारी हर्ष चोपड़ा ने बताया कि घटना के समय पंप पर चार कर्मचारी मौजूद थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक अचानक पैदल पंप पर पहुंचे। एक ने पिस्तौल निकाल ली और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए दो मुलाजिमों के साथ मारपीट कर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी कैश लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित कर्मचारियों ने लुटेरों का पीछा भी किया लेकिन आरोपियों ने पिस्तौल तानकर धमकी दी जिसके बाद उन्होंने थाना लांबड़ा पुलिस को सूचना दी। CCTV फुटेज में क्या दिखा फुटेज में दिख रहा है कि दो पंप कर्मचारी आपस में बात कर रहे होते हैं, तभी दूसरी ओर से दो लुटेरे तेजी से दौड़ते हुए अंदर आते हैं। एक लुटेरे के हाथ में पिस्तौल होती है।दूसरा कर्मचारी के पास जाकर उसे धमकाता है। दोनों मुलाजिमों को बंदूक की नोक पर ऑफिस में ले जाया जाता है। इस दौरान एक लुटेरा कर्मचारियों की जेब भी टटोलता दिखाई देता है। फिर दोनों को अंदर बंद कर दूसरा आरोपी कैश वाले ऑफिस में जाता है और नकदी उठाकर बाहर भाग जाता है। पुलिस की जांच शुरू थाना लांबड़ा के जांच अधिकारी एसआई गुरमीत राम ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि वे जल्द ही दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लेंगे। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से अपील की है कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए।