शुचिता और पारदर्शिता से ही मजबूत होगा लोकतंत्र : ब्रजेश पाठक
- Admin Admin
- Dec 09, 2025
--उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने यमुनापार जिले में एसआईआर अभियान की समीक्षा कर दिये निर्देश
प्रयागराज, 09 दिसम्बर (हि.स.)। यमुनापार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत आयोजित समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। भाजपा सरकार की प्राथमिकता है कि किसी भी सही मतदाता का नाम सूची से छूटे नहीं और किसी भी फर्जी व्यक्ति का नाम सूची में बने नहीं रहना चाहिए। इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को पूरी गंभीरता व जिम्मेदारी के साथ जुटना होगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “मतदाता सूची का व्यापक और पारदर्शी पुनरीक्षण ही मजबूत लोकतंत्र की पहचान है। यह अभियान केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। प्रत्येक बूथ पर जिम्मेदारी के साथ कार्य कर सुनिश्चित करें कि अधिकतम पात्र मतदाता शामिल हों।” उन्होंने कहा कि “एक-एक मतदाता की पहचान कर संविधान की भावना के अनुरूप मतदाता जोड़ने का कार्य करें। बिहार के एसआईआर अभियान में विपक्ष द्वारा जो 65 लाख फर्जी, मृतक और नाबालिग मतदाता जोड़े गए थे, वह उजागर हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहां पारदर्शिता से काम किया, परिणाम यह हुआ कि आरजेडी के जंगलराज को जनता ने किनारे कर दिया। यही डर सपा व कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनाव को लेकर दिखाई दे रहा है। शुचिता और पारदर्शिता से चुनाव हुआ तो परिणाम उत्तर प्रदेश में भी स्पष्ट दिखाई देंगे।”
उन्होंने घुसपैठियों के मुद्दे पर कहा कि “विपक्ष द्वारा जो फर्जी नाम जोड़े गए हैं, उन्हें चिन्हित कर हटाया जाए और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएं। एसआईआर अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने का बड़ा माध्यम है। भाजपा का कार्यकर्ता बड़े से बड़ा दायित्व निभा सकता है, यह केवल भाजपा में ही संभव है। बूथ स्तर पर पारदर्शिता और निष्ठा के साथ कार्य कर लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा, “सही पात्र नागरिक का नाम छूटे नहीं और घुसपैठिए का नाम जुड़ न पाए-इस पर प्रत्येक कार्यकर्ता सतर्क रहे। भाजपा में पीछे बैठा कार्यकर्ता भी जिलाध्यक्ष बन सकता है, यही पार्टी की असली ताकत है।”
जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष यमुनापार राजेश शुक्ल ने करते हुए कहा कि हर मंडल और शक्ति केंद्र पर टीमें सक्रिय कर अभियान को गति दी जाएगी और सभी संबंधित पदाधिकारी सतत समीक्षा करते रहेंगे। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, जिला प्रभारी अमरनाथ यादव, विधायक दीपक पटेल व हर्षवर्धन वाजपेयी, जिला सह प्रवासी कविता पटेल, सुशील मिश्रा, जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह पटेल, जिला संयोजक वीरेंद्र शुक्ला, जिला मंत्री राजेश धनगर, योगेश शुक्ला, इंदु प्रकाश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र



