लखपति दीदियां खुद भी सशक्त हो रहीं और देश को भी सशक्त बना रहीं: शिवराज सिंह चौहान

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मीडिया से बातचीत करते हुए

नई दिल्ली, 09 दिसंबर (हि.स.)।

केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लखपति दीदियां खुद भी सशक्त हो रही हैं और देश को भी सशक्त बना रही हैं। देश में अब तक दो करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और हमारा लक्ष्य यह संख्या तीन करोड़ तक पहुंचाने का है। शिवराज सिंह मंगलवार को सुंदर नर्सरी में आयोजित सरस आजीविका फूड फेस्टिवल 2025 के समापन समारोह में बोल रहे थे।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के इस अभियान को तेजी से आगे बढ़ाते हुए हम जल्द ही दस लखपति दीदियों भी बनाएंगे।

सरस आजीविका फूड फेस्टिवल 2025 में लखपति दीदियों के हाथों से बने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लेने के बाद

मीडिया से बात करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरस फ़ूड फेस्टिवल भारतीय संस्कृति के विविध रंगों और महिला सशक्तिकरण का ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता का भी जीवंत उदाहरण है। यहां पर आकर लोगों ने पूरे देश के विभिन्न स्वादों को चखा है जिससे यहां आने वाले भी खुश थे और यहां आई महिला उद्यमी दीदियां भी खुश थी। उन्होंने कहा कि भारत अनेक भाषाओं, वेश-भूषाओं और खान-पान की विविधताओं के बावजूद एक राष्ट्र के रूप में एकजुट है, और यह फूड फेस्टिवल उसी सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ग्रामीण विकास व पंचायती राज संस्थान एवं कुटुंब श्री के सहयोग से 11 दिन चले सरस आजीविका फूड फेस्टिवल 2025 में देशभर की स्वयं सहायता समूहों की लखपति दीदियों ने अपने-अपने राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ 62 स्टॉल लगाए थे, जिनमें से 50 लाइव फूड स्टॉल और 12 प्राकृतिक खाद्य पदार्थों के स्टॉल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी