चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर दो फ्लाइट रद्द::मुंबई और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को करनी पड़ी परेशानी
- Admin Admin
- Dec 09, 2025
चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह यात्रियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा। सुबह 5:00 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट और सुबह 5:45 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को अचानक रद्द कर दिया गया। फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी एयरलाइन की तरफ से देर रात और कुछ यात्रियों को सुबह एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दी गई, जिससे कई लोग परेशान नजर आए। यात्रियों ने बताया कि उन्हें फ्लाइट कैंसल होने का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। कई यात्रियों के महत्वपूर्ण काम और आगे की कनेक्टिंग फ्लाइटें भी छूट गईं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि एयरलाइन की तरफ से ऑपरेशनल वजहों का हवाला देते हुए दोनों उड़ानों को रद्द किया गया है। फ्लाइट रद्द होने के बाद एयरपोर्ट पर रिफंड व री-शिड्यूलिंग काउंटर पर भी भीड़ लगी रही। एयरलाइन ने यात्रियों को अगली उपलब्ध उड़ान में एडजस्ट करने या रिफंड लेने का विकल्प दिया है। कल रद्द हुईं थीं पांच फ्लाइटस चंडीगढ़ से कल यानि मंगलवार को पांच फ्लाइट्स रद्द हुई थीं। जबकि यह पहले के दिनों के मुकाबले काफी कम हैं। मगर स्थिति अभी भी पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है। फ्लाइट्स के डिले और रद्द होने से लोग परेशान हों रहे हैं। इस बीच एयरपोर्ट पर इसके लिए कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए गए हैं। कंट्रोल रूम में यात्रियों की सुविधा के लिए सभी एयरलाइंस के अलग-अलग संपर्क नंबर जारी किए गए हैं। इंडिगो के लिए 92899-38532, एयर इंडिया के लिए 8800197833 और 0172-2242201, एयर इंडिया एक्सप्रेस के लिए 92055-08549, अलायंस एयर के लिए 98184-28648 जबकि ड्यूटी टर्मिनल मैनेजर (DTM) का नंबर 95010-15832 जारी किया गया है। पिछले एक सप्ताह से उड़ानों की टाइमिंग बिगड़ी हुई है यह पहली बार नहीं है जब चंडीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ानें प्रभावित हुई हों। पिछले कुछ दिनों से कई उड़ानें या तो देरी से चल रही हैं या रद्द हो रही हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि वे एयरलाइंस से लगातार संवाद में हैं ताकि यात्रियों को समय पर अपडेट मिल सके और ऐसी स्थितियों में कमी आए।



