दिल्ली में ‘वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली:चंडीगढ़ कांग्रेस के 500 कार्यकर्ता तैयार, 5 करोड़ हस्ताक्षर किए एकत्र

दिल्ली में 14 दिसंबर को होने वाली ‘वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली’ से पहले चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक कांग्रेस भवन सेक्टर-35 में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष लक्की ने की। बैठक में रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया और तय हुआ कि चंडीगढ़ से लगभग 500 कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में जाएंगे। बैठक का आयोजन सोनिया गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर भी विशेष रहा। कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने केक काटकर उनके योगदान को याद किया और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। 5 करोड़ हस्ताक्षर किए एकत्र अध्यक्ष लक्की ने कहा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए चलाए गए राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत 5 करोड़ हस्ताक्षर एकत्र किए गए हैं। इनमें से चंडीगढ़ कांग्रेस ने लगभग एक लाख हस्ताक्षर जुटाए हैं, जिन्हें दिल्ली भेज दिया गया है। इन्हें जल्द ही भारत के राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा। वहीं लक्की ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन त्याग, साहस और संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनका नेतृत्व कांग्रेस को हमेशा मजबूत करता रहा है और पार्टी के कार्यकर्ता उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते रहेंगे। आगे बोले कि पूरा चंडीगढ़ कांग्रेस परिवार उनकी लंबी उम्र, अच्छी सेहत और हमेश मार्गदर्शन की कामना करता है। उन्होंने कहा चंडीगढ़ के कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने की इस लड़ाई में एकजुट होकर हिस्सा लेंगे।