दीपावली यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल : कपिल मिश्रा
- Admin Admin
- Dec 09, 2025
नई दिल्ली, 9 दिसंबर (हि.स.)। दिल्ली के कला, संस्कृति, भाषा एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने यूनेस्को द्वारा देश के प्रमुख आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व दीपावली को अपनी अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल करने पर मंगलवार को देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है।
कपिल मिश्रा ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह फैसला भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और आध्यात्मिक परंपरा को विश्व स्तर पर मान्यता दिलाता है।
यूनेस्को की इस घोषणा की औपचारिक घोषणा 10 दिसम्बर को लाल किले में की जाएगी, जहां देशभर से लोग जुड़कर दीपावली जैसी उमंग और उल्लास का अनुभव करेंगे।
यूनेस्को की इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए दिल्ली सरकार ने कई भव्य कार्यक्रम तैयार किए हैं—लाल किले में विशेष दीपावली उत्सव और विशाल दीया प्रज्वलन कार्यक्रम, दिल्ली के प्रमुख चौक–चौराहों पर रोशनी और सजावट और सभी सरकारी इमारतों का विशेष प्रकाशन किया जाएगा।
साथ ही उन्होंने बताया कि दिल्ली हाट में मुख्यमंत्री और पूरी कैबिनेट की उपस्थिति में दीपावली उत्सव मनाया जाएगा।
कपिल मिश्रा ने कहा कि दीपावली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय आध्यात्मिकता और ‘अंधकार से प्रकाश’ की अनंत यात्रा का प्रतीक है। यह मान्यता भारत के सम्मान और गौरव में वृद्धि करती है।
दिल्ली सरकार ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर को सद्भाव, उत्साह और सांस्कृतिक एकता से मनाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी



