फिल्ममेकर विक्रम भट्ट ₹30 करोड़ के धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार:14 की उम्र में डायरेक्शन शुरू किया, पहली 3D हॉरर फिल्म बनाई; जानें प्रोफाइल
- Admin Admin
- Dec 09, 2025
इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और स्क्रीन राइटर विक्रम भट्ट को रविवार, 7 नवंबर को राजस्थान पुलिस ने अरेस्ट किया है। उन पर 30 करोड़ रुपए के धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई की गई है। विक्रम के साथ उनकी पत्नी श्वेताम्बरी भट्ट को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी से करीब 1 हफ्ते पहले उदयपुर पुलिस ने विक्रम भट्ट, उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट और छह अन्य लोगों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था। इन पर इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनियों के संस्थापक डॉ. अजय मुर्डिया से 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। नोटिस में सभी आरोपियों को 8 दिसंबर तक उदयपुर पुलिस के सामने पेश होने और बिना अनुमति विदेश नहीं जाने का निर्देश दिया गया था। गिरफ्तारी के बाद से विक्रम लगातार खबरों में हैं। विक्रम गुजरात के पालीताणा के रहने वाले इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के पायनियर्स में से एक विजय भट्ट के पोते हैं। वहीं मशहूर सिनेमैटोग्राफर प्रवीण भट्ट के बेटे हैं। वो मुंबई में ही पले बढ़े हैं। 14 साल की उम्र में करियर शुरू किया विक्रम ने साल 1982 में महज 14 साल की उम्र में डायरेक्टर मुकुल आनंद के साथ फिल्म 'कानून क्या करेगा' से अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर इस फिल्म में काम किया था। ये आनंद की पहली फिल्म थी। इसके बाद उन्होंने मुकुल आनंद के साथ फिल्म अग्निपथ में काम किया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा कलेक्शन किया था। इस फिल्म के बाद विक्रम ने डायरेक्टर शेखर कपूर और महेश भट्ट के साथ दो-दो साल बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया। इस दौरान उन्होंने कई हिट फिल्में बनाई, जिनमें से एक 'हम हैं राही प्यार के' फिल्म भी थी। फिल्म ‘जानम’ से डायरेक्शन शुरू किया विक्रम ने साल 1992 में रिलीज हुई फिल्म ‘जानम’ से अपना डायरेक्शन करियर शुरू किया। इस फिल्म को मुकेश भट्ट ने प्रोड्यूस किया था। उनकी शुरुआत की चार फिल्में बॉक्स-ऑफिस पर कुछ खास परफॉर्म नहीं कर पाईं। इसके बाद उन्होंने लगातार हिट फिल्में डायरेक्ट की, जिनमें कसूर, राज, आवारा पागल दीवाना जैसी फिल्में शामिल थीं। हालांकि इस फिल्म के बाद फिर उनका करियर खराब दौर से गुजरने लगा। फिल्म 1920 से हॉरर सिनेमा बनाने लगे साल 2008 में विक्रम ने हॉरर फिल्म 1920 और शापित जैसी फिल्मों से हिंदी सिनेमा में वापसी की। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में पहली 3D हॉरर फिल्म हॉन्टेड (Haunted) बनाई। उनकी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर खूब कमाई की थी। फिल्म 'गुलाम' के लिए फिल्मफेयर का नॉमिनेशन मिला फिल्म 'राज' से विक्रम भट्ट की खास पहचान बनी, जिसे बनाने में उन्हें अपने करीबियों महेश भट्ट और मुकेश भट्ट का साथ मिला। उन्हें फिल्म 'गुलाम' के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड में बेस्ट डायरेक्टर के लिए नॉमिनेशन मिला था। 1998 में पहली पत्नी अदिति से तलाक लिया विक्रम ने पहली शादी अपने बचपन की दोस्त अदिति भट्ट से की थी, जिनसे उनकी एक बेटी कृष्णा है। जब पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के साथ विक्रम के अफेयर की खबरें सामने आईं, तो अदिति ने 1998 में उनसे तलाक ले लिया। इसके बाद उनका अफेयर मिस यूनिवर्स और अभिनेत्री सुष्मिता सेन से रहा। फिर वह उनसे भी अलग हो गए। इसके बाद उन्होंने एक्ट्रेस अमीषा पटेल को 5 साल तक डेट किया। किन्हीं कारणों से अमीषा और भट्ट का भी ब्रेकअप हो गया। विक्रम ने तलाक के तकरीबन 22 साल बाद दोबारा शादी करने का फैसला किया। उन्होंने साल 2020 में श्वेतांबरी सोनी से शादी की। --------------------- ये खबर भी पढ़ें... इंडियन एस्ट्रोनॉमर राशि जैन ने खोजी नई गैलेक्सी: कहा- 10 अरब साल से भी पुरानी है, 'अलकनंदा' नदी पर नाम रखा; पढ़ें खास बातचीत भारतीय वैज्ञानिक राशि जैन ने अपने गाइड प्रो. योगेश वाडदेकर के साथ मिलकर एक नई गैलेक्सी की खोज की है। यह एक सर्पिलाकार (Spiral) गैलेक्सी है, जिसका नाम अलकनंदा रखा गया है। इसका नाम हिमालय की तलहटी में बहने वाली नदी अलकनंदा के नाम पर रखा गया है। इसे NASA के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप की मदद से खोजा गया है। पढ़ें पूरी खबर...



