-मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और पद्मश्री डॉ सोमा घोष होंगे शामिल
प्रयागराज, 09 दिसम्बर (हि.स.)। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के एक सौ पचास वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रयागराज में सामूहिक सम्पूर्ण वंदे मातरम् गान समारोह का भव्य आयोजन 16 दिसम्बर को होगा। मंगलवार को कायस्थ पाठशाला, प्रयागराज के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुशील सिन्हा, हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान पूर्वी उप्र के क्षेत्र संयोजक अमरनाथ और संयोजक डॉ. संजय शुक्ला ने संयुक्त रूप से बताया कि सांस्कृतिक एवं नैतिक प्रशिक्षण संस्थान, प्रयागराज और हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान पूर्वी उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में विजय दिवस के अवसर पर भारत स्काउट एंड गाइड इंटर कॉलेज, प्रयागराज में सुबह साढ़े दस बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम नई पीढ़ी में राष्ट्र प्रेम, सांस्कृतिक गौरव एवं भारतीय अस्मिता के भाव को सुदृढ़ करने हेतु एक प्रेरणादायी पहल के रूप में होगी।ज्वाला देवी इण्टर कॉलेज, गंगापुरी के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्रा ने बताया कि संगीत साधना, भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण तथा देश भक्ति के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखने वाली पद्मश्री डॉ. सोमा घोष की उपस्थिति बच्चों, शिक्षकों तथा समस्त जनसमूह के लिए प्रेरणास्रोत होगी। छात्रों के उत्साहवर्धन के लिए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं मुख्य वक्ता के रूप में हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत सिंह कोठारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के हजारों बच्चों को चयनित किया गया है, जो कार्यक्रम में शामिल होंगे। बैठक में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य नागेंद्र, सचिव युगल किशोर मिश्रा, मेजर जनरल धर्मराज राय, डॉ. प्रभु शंकर शुक्ला, कार्यालय प्रमुख अरुण दुबे, यश विक्रम त्रिपाठी, वरिष्ठ पार्षद भोला तिवारी, मानव चौरसिया, वंदना तिवारी, अर्चना शुक्ला व सौरभ दुबे आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र



