बिहार जीत के बाद पहली बार हिमाचल आएंगे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, शिमला में होगा अभिनन्दन समारोह
- Admin Admin
- Dec 09, 2025
शिमला, 9 दिसंबर (हि.स.)। बिहार में ऐतिहासिक और प्रचंड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्र सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उर्वरक एवं रसायन मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 12 दिसंबर की रात को हिमाचल प्रदेश पहुंच रहे हैं। यह उनका बिहार चुनाव के बाद पहला हिमाचल प्रवास होगा। इसे लेकर प्रदेश भर में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों में उत्साह का माहौल है।
यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को शिमला में दी। उन्होंने बताया कि एनडीए की बिहार में अभूतपूर्व जीत में जेपी नड्डा के नेतृत्व ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उनके इस दौरे को कार्यकर्ता ऐतिहासिक मान रहे हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि नड्डा का हिमाचल आना प्रदेश के लिए गर्व की बात है और कार्यकर्ता उनका स्वागत करने को उत्सुक हैं।
डॉ. बिंदल ने बताया कि 13 दिसंबर की सुबह शिमला के पीटरहॉफ मैदान में एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों कार्यकर्ता और आम नागरिक भाग लेंगे। बीजेपी नेता ने कहा कि इस समारोह में प्रदेश भर से भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे और अपने नेता का गर्मजोशी से स्वागत करेंगे।
उन्होंने बताया कि इसी दिन जगत प्रकाश नड्डा भाजपा के प्रस्तावित राज्य स्तरीय नए कार्यालय का शिलान्यास और भूमि पूजन भी करेंगे। बिंदल ने कहा कि यह भवन आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और पार्टी को नई मजबूती देगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नड्डा का यह दौरा न केवल संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनावों के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 13 दिसंबर को पीटरहॉफ मैदान में आयोजित स्वागत समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा



