रोहतक: अयोध्या में श्री राम का अर्शीवाद लेकर दीपेन्द्र हुड्डा ने शुरू किया अभियान

दीपेंद्र हुड्डा ने दसवीं पातशाही श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 357वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन में शामिल होकर सेवा की

विकास कार्यो में कांग्रेस की बराबरी नही कर सकती भाजपा, कांग्रेस शासन के दौरान नंबर वन था हरियाणा

रोहतक, 16 जनवरी (हि.स.)। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में भाजपा कभी भी कांग्रेस शासन काल के दौरान हुए विकास की बराबरी नहीं कर सकती। भाजपा सांसद अरविंद शर्मा ही बता दें कि लोकसभा क्षेत्र के लिए उन्होंने क्या किया है। यह बात उन्हाेंने मंगलवार को रोहतक में घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान की शुरूआत के अवसर पर कही। इससे पहले सोमवार को सांसद ने अयोध्या जाकर श्री राम लला के दर्शन किये और आर्शीवाद लिया।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा नेता भी मानते है कि कांग्रेस शासन काल में रोहतक लोकसभा क्षेत्र का भरपूर विकास हुआ। लेकिन अब विकास के मामले में हरियाणा बुरी तरह से पिछड़ गया है। विकास के मामले में नंबर वन कहलाने वाला हरियाणा आज अपराध व बेरोजगारी में नंबर वन बन गया है, इसके लिए भाजपा गठबंधन सरकार जिम्मेदार है। सांसद ने कहा कि गठबंधन सरकार को सबक सिखाने के लिए प्रदेश की जनता चुनाव का इंतजार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अगली सरकार चौ भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की बन रही है।

दीपेंद्र हुड्डा ने दसवीं पातशाही श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 357वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य पर नगर कीर्तन में शामिल होकर संगत की दूध सेवा की और पंज प्यारों को सम्मानित किया। उन्होंने पालकी साहिब पर विराजमान गुरु ग्रन्थ साहिब जी का माथा टेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार के समय रोहतक लोकसभा क्षेत्र हो या रोहतक शहर, विकास के मानचित्र पर विकसित रोहतक के रूप में जाना जाने लगा था। आज विकास के मानचित्र से ये पूरा इलाका गायब हो गया। सड़क, सीवर, सफाई, पीने के पानी की बात तो दूर कोई नयी बड़ी परियोजना भी इस इलाके में नहीं आयी।

घर घर कांग्रेस अभियान के दौरान सांसद दीपेन्द्र ने लोगों को बताया कि पूरा प्रदेश बीजेपी-जेजेपी के कुशासन, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते अपराध से परेशान है। इस बार जनता ने कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना लिया है और बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रही है। इस अवसर पर विधायक बीबी बत्रा, कांग्रेस नेता हेमंत बख्शी, सीताराम सचदेवा, गुलशन ईशपुनियानी आदि उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/संजीव

   

सम्बंधित खबर