महंगाई की मार से आमजन परेशान तो कर्ज में डूबा किसान: प्रियंका गांधी

3

दौसा, 15 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अपनी दौसा की जनसभा में जमकर प्रहार किए। प्रियंका ने कहा कि महंगाई की मार से आमजन परेशान है और किसान कर्ज में डूबा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार उद्योगपतियों को सीधा लाभ पहुंचा रही है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को दौसा लोकसभा क्षेत्र के बांदीकुई में कांग्रेस उम्मीदवार मुरारी लाल मीणा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार किसान, मजदूर, युवाओं की आशा पर खरी नहीं उतरी। महंगाई की मार से आमजन परेशान हैं तो किसान कर्ज में डूब रहा है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, वहीं मोदी सरकार उद्योगपतियों को सीधा लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शुरू में प्रधानमंत्री मोदी की इच्छा थी कि कुछ करेंगे, लेकिन 10 साल में इतनी बड़ी बातें करने के बाद रोजगार नहीं है, महंगाई बढ़ रही है, वादा पूरा नहीं कर पाए। इसलिए मुझे लगता है कि उनकी बातें हल्की पड़ रही हैं। इससे नुकसान मोदी का या हमारा नहीं हो रहा, आपका हो रहा है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आपने एक वीडियो देखा होगा कि इनके सांसद अलग-अलग प्रदेशों में कहने लगे हैं कि जब हमारी सरकार आएगी तो हम संविधान को बदलेंगे। मोदी मंच पर संविधान की बात करते हैं, लेकिन अपने लोगों से कहते हैं कि जाओ और बोलो कि संविधान बदलेंगे। इसलिए आपका जागरूक बनना जरूरी है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मैंने अपनी दादी और पिता की शहादत देखी है। हमारी हिंदू धर्म की परंपरा है। हमने भगवान राम को सत्ता के कारण पूजा क्या? हम उन्हें इसलिए पूजते हैं, क्योंकि उनके पास नैतिकता थी, जनता के लिए पूजा थी, श्रद्धा थी, सेवा थी। हमारे जितने भी भगवान रहे हैं, उन्होंने सत्ता को त्यागा। सत्ता को पूजना हमारा धर्म कभी नहीं रहा है। पांडवों के पास सत्ता नहीं थी। हमारे धर्म ने सिखाया है कि हमारी श्रद्धा उसके प्रति रही है, जिसने सेवा भाव से, आदर से जनता की सेवा की। हम इस भावना काे अपने नेताओं में ढूंढते हैं। आज लोगों को पीटा जा रहा है, डर बैठाया जा रहा है। यह माहौल मोदी ने बनाया है।

सभा में पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने किरोड़ीलाल मीणा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस चुनाव से किसी का मंत्री पद नहीं जाएगा और मंत्री पद छोड़ना भी मत। बड़ी मुश्किल से मंत्री पद मिलता है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर/सुनील

   

सम्बंधित खबर