जितना कार्य जिला उधमपुर में उनके कार्यकाल में हुआ उतना कभी पहले नहीं हुआ : डॉ. जितेंद्र सिंह.
- Bupinder Sharma
- Apr 11, 2024
कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्य गिनाकर लोगों से फिर मांगा सहयोग
उधमपुर। स्टेट समाचार
उधमपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी एवं केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आदर्श कॉलोनी में एक ओबीसी मोर्चा की जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ही उन्हें ओबीसी होने का इस राज्य में अधिकार दिया है जबकि प्रदेश की विभिन्न सरकारों द्वारा हमेशा की उपेक्षा होती रही है। उन्होंने कहा कि राज्य से धारा 370 को भाजपा सरकार ने ही समाप्त किया, जिससे महिलाओं, वाल्मीकि समाज व अन्य क्षेत्र से इस राज्य में रहने वालों को अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि विगत 10 वर्षों में प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है, कई राष्ट्रीय राजमार्ग बने हैं। उन्होंने कहा कि उधमपुर जिला देश के प्रथम तीन जिलों में आता है, जहां प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ विकास का कार्य सबसे अधिक हुआ। उन्होंने कहा कि उधमपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग यूनिवर्सिटी का निर्माण हो रहा है। उधमपुर को मेडिकल कॉलेज दिया गया है, देविका प्रोजेक्ट दिया गया है, रेडियो स्टेशन व पासपोर्ट कार्यालय भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी भाजपा सरकार उधमपुर के विकास की ओर विशेष ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि कांगे्रस सरकार ने लम्बे समय तक देश में राज किया लेकिन लोगों के लिए जो कार्य करने चाहिए थे वो नहीं किए। विकास की तरफ ध्यान नहीं दिया, केवल भ्रष्टाचारका बोलबाला था लेकिन अब भ्रष्टाचार केवल बीती बातें होकर रह गई हैं। इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील प्रजापति, जिला अध्यक्ष सागर वर्मा, पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया, पूर्व नगर परिषद प्रधान डॉक्टर जोगेश्वर गुप्ता, पूर्व उप प्रधान सुरेंद्र सिंह खालसा, सुरेश गुप्ता, देवराज गुप्ता, दिनकर गुप्ता एडवोकेट, आरती वर्मा, सुरेंद्र अरोड़ा, समनिक बसीन, अनिल अरोड़ा आदि उपस्थित थे। सभी ने भाजपा को विजय बनाने का आह्वान किया तथा अधिक से अधिक मतदान करने पर बल दिया।