
सिरसा, 29 जून । जिले के नाथूसरी चोपटा में पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति ने सोमवार को किसानों की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया और हरियाणा के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। समिति के जिला प्रधान सतीश बैनीवाल ने कहा कि क्षेत्र में जो सेम से बचाने के लिए ट्यूबल लगे हुए है वो ज्यादातर बंद पड़े हैं उनका समाधान हो। बरसात का मौसम शुरू होने वाला है, लेकिन अभी तक सरकार ने घग्गर ड्रेन से पानी की निकासी का कोई स्थायी प्रबंध नहीं किया है।
यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि शाहपुरिया गांव के किसानों को अभी तक फसल बीमा क्लेम नहीं मिला है। सरकार और संबंधित विभाग द्वारा गलत तरीके से आपत्तियां लगाकर किसानों को उनके अधिकार से वंचित रखा जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसान नेता ने जहां-जहां किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं हैं, वहां उनका स्थायी समाधान करवाने तक संगठन संघर्ष जारी रखेगा।
जिला प्रधान ने कहा कि चानौत गांव में पीने के पानी की मांग को लेकर पिछले 40 दिनों से किसानों और ग्रामीणों का धरना लगातार जारी है। संगठन ने उनके समर्थन में मुख्यमंत्री का पुतला फूंक कर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि सिरसा जिले की किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर 10 जुलाई को सिरसा के भगत सिंह स्टेडियम में बड़ी संख्या में किसान एकत्रित होंगे और सरकार के खिलाफ संघर्ष का ऐलान किया जाएगा। इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान सहित अनेक पदाधिकारी एवं किसान साथी उपस्थित रहे।
---------------

