प्रयागराज, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मेजा थाना क्षेत्र के कटका बलुहा समहन गांव के समीप गुरुवार को टोंस नदी में एक नाबालिग लड़के का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के रीवा जिले के चाकघाट थाना एवं गांव निवासी अर्जुन शुक्ला (१६) पुत्र रमाशंकर के रूप में हुई है। गुरूवार को मेजा थाने को सूचना मिली कि टोंस नदी में कटका बलुहा समहन गांव के पास एक शव उतरा रहा है। इस सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नदी से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अर्जुन के परिवार के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि वह पहली बार घर से मुम्बई गया था, जहां से वह किसी जौनपुर के व्यक्ति के साथ तीन दिन पूर्व यहां पहुंचा और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया। आज सुबह पुलिस से सूचना मिली कि उसका शव नदी में पाया गया है।
---------------

