सिरसा में कड़ी सुरक्षा के बीच 2258 अभ्यर्थियों ने दी नीट परीक्षा
- DSS Admin
- Jun 21, 2026
सिरसा, 21 जून (हि.स.)। जिले में नीट (यूजी)-2026 पुनर्परीक्षा में रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा के सुचारू एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए। इस परीक्षा के लिए जिले में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जिनमें परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। कुल 2526 परीक्षार्थी में से 2258 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 268 की अनुपस्थिति रही। सुरक्षा की दृष्टि से भी व्यापक प्रबंध किए गए, स्थानीय पुलिस के अलावा सीएपीएफ की अतिरिक्त सुरक्षा रही।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) से कॉर्डिनेटर प्रिंसिपल प्रदीप सिंह ने बताया कि नीट परीक्षा को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक व्यवस्था की गई थी और परीक्षा का आयोजन पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। जिले में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें राजकीय नेशनल कॉलेज में 480 परीक्षार्थी, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अनाज मंडी में 480 परीक्षार्थी, राजकीय गल्र्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल नजदीक शाह सतनाम सिंह चौक में 480 परीक्षार्थी, राजकीय कॉलेज फॉर वूमेन बरनाला रोड में 480 परीक्षार्थी तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर एक एयरफोर्स स्टेशन सिरसा में 366 तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर दो में 240 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा देने के प्रबंध किए गए। इनमें से 2258 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है, जबकि 268 की अनुपस्थिति दर्ज की गई। रविवार को पुनर्परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सिरसा में कंट्रोल रूम स्थापित भी किया गया था।
---------------

