पटना, 13 मई (हि.स.)। राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अपराधियों को पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों अपराधी की पुलिस की कड़ी निगरानी में ईलाज जारी हैं।
पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से प्रारंभिक पूछताछ के दौरान तीनों ने पूर्व में घटित एक हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि आगामी आपराधिक घटना को अंजाम देने हेतु उपयोग किए जाने वाले हथियार बिहटा थाना क्षेत्र के एक स्थान पर छिपाकर रखे गए हैं। तत्पश्चात पुलिस टीम जब अपराधियों की निशानदेही पर बताए गए स्थल पर पहुंची, तभी अपराधियों द्वारा छिपाए गए हथियार से पुलिस बल पर अचानक फायरिंग प्रारंभ कर दी गई। पुलिस टीम द्वारा पूर्ण संयम, सतर्कता एवं साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 2 अपराधी अवधेश उर्फ विदेशिया एवं पप्पू राय के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे अपराधी दीपक कुमार द्वारा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया गया। घायल अपराधियों को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर तत्काल समुचित उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
---------------

