दिल्ली की 8वीं विधानसभा के सौ दिन पूर्ण होने पर रिपोर्ट कार्ड जारी
- Admin Admin
- Jun 06, 2025

नई दिल्ली, 6 जून (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा ने शुक्रवार को अपनी आठवीं विधानसभा के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर रिपोर्ट कार्ड जारी किया। रिपोर्ट कार्ड विधानसभा की प्रमुख उपलब्धियों, नवाचारों और समावेशी विधायी दृष्टिकोण का प्रतिपादन करता है। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने की। उनके साथ दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह, उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट तथा मुख्य सचेतक अभय वर्मा भी मंच पर उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री मल्होत्रा ने कहा कि यह रिपोर्ट कार्ड “उल्लेखनीय उपलब्धियों का प्रतिबिंब” है। उन्होंने इसकी प्रेरणादायक थीम ‘विरासत से विकास की ओर’ को विशेष रूप से रेखांकित किया। मल्होत्रा ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत में विजेंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन में कार्य करने को याद करते हुए कहा कि उनका अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा आज भी उन्हें संसदीय कार्यों को सक्षम रूप से निभाने में मदद करती है।
केंद्रीय मंत्री कहा कि अध्यक्ष के संतुलित नेतृत्व में विधानसभा की कार्यवाही में पिछले 100 दिनों के दौरान स्पष्ट परिवर्तन देखा गया है। इस पूरी अवधि में सदन में कोई भी अव्यवस्था या व्यवधान नहीं हुआ, जो पहले सामान्य हो चला था। गुप्ता ने लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करते हुए विपक्ष को भी समान अवसर और सदन की गरिमा सुनिश्चित की है। मल्होत्रा ने विधानसभा भवन को एक “जीवंत विरासत” बताते हुए इसके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
विधानसभा अध्यक्ष गुप्ता ने विधानसभा की पारदर्शिता, सतत विकास और सांस्कृतिक संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट कार्ड सिर्फ विधायी कार्यों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि जनकेंद्रित और नवाचार पर आधारित विधायी संस्कृति का परिचायक है। यह रिपोर्ट कार्ड विरासत, नवाचार, परंपरा, परिवर्तन, और सबसे महत्वपूर्ण (जनता और नीति) के मध्य एक समन्वय का प्रतीक है। विधानसभा अध्यक्ष ने बीते 100 दिनों की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया। इसमें नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन का सफल कार्यान्वयन, जिससे विधानसभा कागज रहित बनेगी। इसके साथ-साथ 500 किलोवॉट सौर ऊर्जा संयंत्र की आधारशिला, विधानसभा पुस्तकालय का डिजिटलिकरण, विधानसभा की ऐतिहासिक व स्थापत्य विरासत के संरक्षण की व्यापक योजना को रखा गया है।
गुप्ता ने अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का भी उल्लेख किया, जिसमें “सर्वश्रेष्ठ विधायक पुरस्कार” की शुरुआत, नव-निर्वाचित विधायकों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम, हिंदू नववर्ष और महावीर जयंती जैसे सांस्कृतिक आयोजनों द्वारा साझा सांस्कृतिक मूल्यों का उत्सव का आयोजन शामिल है। उन्होंने बताया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर और शहीद भगत सिंह जैसे राष्ट्रीय नायकों को श्रद्धांजलि, ओडिशा, झारखंड और इथियोपिया से आए प्रतिनिधिमंडलों के साथ संवाद, विकसित भारत युवा संसद और अंतरराष्ट्रीय थैलेसीमिया डे जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं नागरिक समाज को जागरूक किया गया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव