नवादा,03 जून (हि.स.)। जिले के हिसुआ थाने के धमाल बेलदरिया गांव में 11 वर्षीय स्कूली छात्र का अपहरण कर हत्या कर दी गई। जिसकी लाश बुधवार को गांव के ही ईंट भट्ठे से बरामद की गई।
मिली जानकारी के अनुसार हिसुआ थाने के धमाल बेलदारी गांव के सुबोध यादव का 11 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार गोविंदपुर थाने के कुतरुचक मोड पर अवस्थित एक स्कूल में पढ़ाई करता था। रविवार को गर्मी की छुट्टी में वह अपना गांव आया था। परिजनों के अनुसार सोमवार से 11 वर्षीय छात्र हिमांशु कुमार लापता था। जिसकी खोजबीन की जा रही थी। पुलिस को भी सूचना देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। लेकिन बुधवार को गांव के ईंट भट्ठे से दुर्गंध देता उसकी लाश बरामद की गई।
नवादा के एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि भट्टे पर काम करने वाले लोगों को दुर्गंध मिली, तब उसने लाश होने की पुष्टि की। जिसके बाद लाश को बरामद किया गया। इस घटना के बाद ग्रामीण काफी आक्रोशित हैं तथा हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
घटना के कारणों तथा हत्यारो का अभी तक पता नहीं लगाया जा सका है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि वैज्ञानिक जांच के आधार पर हत्या के कारणों का पता लगा लिया जाएगा। साथ ही हत्यारो को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा की विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। जल्द ही परिणाम आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। मृतक के पिता सुबोध यादव ने अपने पुत्र का अपहरण कर हत्या के मामले में पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
---------------

