18 साल 8 माह की उम्र में बब्बर शेर ‘अजय’ की मौत

कानपुर, 17 जून (हि.स.)। कानपुर प्राणी उद्यान में आवासित बब्बर शेर ‘अजय’ की बुधवार पूर्वाह्न आकस्मिक मौत हो गई। 18 वर्ष 8 माह की आयु पूरी कर चुका अजय सामान्य बब्बर शेरों की औसत आयु से अधिक समय तक जीवित रहा। उसकी मौत के बाद प्राणी उद्यान प्रशासन और पशु चिकित्सकों की टीम ने आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्राणी उद्यान प्रशासन के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे अजय की मृत्यु हुई। वह पिछले लगभग 24 घंटे से खाना-पीना नहीं कर रहा था। प्रारंभिक तौर पर अधिकारियों को लगा था कि अत्यधिक गर्मी के कारण उसकी गतिविधियां प्रभावित हुई हैं, लेकिन बुधवार को अचानक उसे खून की उल्टी हुई, जिसके बाद उसने दम तोड़ दिया।

क्षेत्रीय वन अधिकारी फिरोज खान ने बताया कि अजय एक वृद्ध शेर था और उसकी आयु 18 वर्ष 8 माह थी, जबकि सामान्य तौर पर बब्बर शेरों की औसत आयु 14 से 15 वर्ष मानी जाती है। उन्होंने बताया कि शेर की मौत के बाद चिकित्सकों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है तथा उसका बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

अजय को 11 दिसंबर 2016 को नंदनवन जू, रायपुर (छत्तीसगढ़) से कानपुर प्राणी उद्यान लाया गया था। यहां आने के बाद वह चिड़ियाघर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो गया था और बड़ी संख्या में पर्यटक उसे देखने पहुंचते थे।प्राणी उद्यान प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम और प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अजय की मौत से प्राणी उद्यान के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक का माहौल है।

------------

   

सम्बंधित खबर