झांसी रेल मंडल : महिलाओं के आरक्षित कोच में सफर करने वाले 19 पुरुषाें के खिलाफ की गई कार्रवाई

झांसी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे का झांसी मंडल महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सजग है। झांसी रेल मंडल द्वारा महिला सुरक्षा के लिए सभी प्रभावी कदम उठाए जाते हैं। ट्रेन में महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में कोई पुरुष यात्री प्रवेश न करें यह सुनिश्चित किया जाता है। अगर कोई पुरुष यात्री महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में पाया जाता है तो उसे तुरंत कोच से उतार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। पिछले 45 दिनों में ऐसे 19 लोगों के खिलाफ रेलवे ने कार्रवाई की है।

रेलवे सुरक्षा बल तथा राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा संयुक्त रुप से अभियान चलाकर सितंबर 2024 में 11 ऐसे व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया था जो महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में यात्रा कर रहे थे। इसी प्रकार एक अक्टूबर 2024 से 15 अक्टूबर 2024 के मध्य आठ लोग हिरासत में लिए गए, जो महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में सफर कर रहे थे। इन सभी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कर दिया गया है। झांसी रेल मंडल द्वारा महिला सुरक्षा के लिए अन्य प्रभावी कदम भी उठाए जाते हैं।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि महिला यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रेन में यात्रा कर रही महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए आरपीएफ की महिला कर्मचारियों द्वारा भी गश्त किया जाता है। महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में पुरुष यात्री प्रवेश न कर सकें, इसके लिए लगातार चेकिंग की जाती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

   

सम्बंधित खबर