राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को लाभान्वित करने के लिए जीवन पर्यत्न संर्घषरत रहे स्व. बीएन सिंह : सीबी सिंह
- DSS Admin
- May 18, 2026
जौनपुर,18 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर्स कार्यालय में कर्मचारी, पेंशनर्स और शिक्षकों ने कर्मचारी हितों के लिए आजीवन संघर्षरत रहे स्व. बी. एन. सिंह की 27वीं पुण्यतिथि “संघर्ष संकल्प दिवस” के रूप में मनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष सीबी सिंह ने की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सीबी सिंह ने स्व. बी. एन. सिंह के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को केंद्र सरकार के समान वेतन व महंगाई भत्ते दिलाने के लिए लंबा आंदोलन किया था। उन्होंने वर्ष 1994-95 में दो प्रोन्नत वेतनमान की मांग को लेकर हुई 51 दिन की ऐतिहासिक हड़ताल का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि स्व. बी. एन. सिंह ने वर्ष 1966 से लेकर अंतिम समय तक कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनर्स के हितों के लिए लगातार संघर्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धीरे-धीरे कर्मचारियों को मिले अधिकारों को समाप्त कर रही है।संरक्षक राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार पेंशनर्स के बीच भेदभाव पैदा करने का प्रयास कर रही है, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने वित्त विधेयक 2025 वापस लेने और पेंशनर्स के टर्म्स ऑफ रेफरेंस को वेतन आयोग में शामिल करने की मांग उठाई।सभा में शेषनाथ सिंह, राम अवध यादव, कृष्ण कुमार तिवारी, देवेश कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, शिक्षक और पेंशनर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में दिवंगत पेंशनर स्व. हीरालाल पाण्डेय की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

