अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग में 3,684 गिरफ्तार, 18.57 लाख रुपये वसूला जुर्माना
- Admin Admin
- Mar 22, 2025

प्रयागराज, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल द्वारा ट्रेनों में अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में फरवरी माह तक मंडल में 3688 चेन पुलिंग के मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 3,684 लोगों को गिरफ्तार किया गया और कुल 18.57 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शनिवार को स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रयागराज जंक्शन पर 375 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 373 यात्रियों की गिरफ्तारी हुई और 2,23,758 रुपये का जुर्माना वसूला गया।अलीगढ़ जंक्शन पर 349 मामलों में सभी यात्रियों को गिरफ्तार कर 1,15,560 रुपये का जुर्माना लगाया गया। कानपुर सेंट्रल में 492 मामलों में 490 यात्रियों की गिरफ्तारी हुई और 2,84,309 रुपये की वसूली की गई।
इसी प्रकार इटावा जंक्शन में 283 मामले सामने आए, जहां 286 यात्रियों को गिरफ्तार कर 1,07,605 रुपये का जुर्माना लगाया गया। फतेहपुर स्टेशन पर 219 मामलों में सभी यात्रियों को गिरफ्तार कर 1,23,490 रुपये की वसूली की गई। मिर्जापुर स्टेशन पर 240 यात्रियों को गिरफ्तार कर 1,48,515 रुपये का जुर्माना वसूला गया। शिकोहाबाद स्टेशन पर 99 मामले दर्ज हुए, जिनमें सभी यात्रियों की गिरफ्तारी हुई और 37,490 रुपये का जुर्माना लगाया गया। टूंडला जंक्शन पर 301 मामलों में 299 यात्रियों को गिरफ्तार कर 88,885 रुपये की वसूली की गई।
पीआरओ ने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे यात्रियों से अपील करता है कि अनावश्यक चेन पुलिंग न करें और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें। चेन पुलिंग का दुरुपयोग न केवल एक कानूनी अपराध है, बल्कि अन्य यात्रियों को भी असुविधा पहुंचाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र