शिक्षक हत्याकांड का मुख्य आरोपित सहित 3 गिरफ्तार

सारण, 29 नवंबर (हि.स.)। पहलेजा थाना क्षेत्र के खरीका गाँव में 21 नवंबर 2025 को हुए शिक्षक हत्याकांड के मुख्य आरोपित साहिल कुमार उर्फ गोलू सहित कुल तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एक देशी पिस्टल और दो मैगजीन भी बरामद हुई है।

इस हत्याकांड से जुड़े पहलेजा थाना कांड संख्या 130/25 के उद्भेदन हेतु एसएसपी के निर्देशन में एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था। एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, पूर्व में ही 24 नवंबर को हथियार सप्लायर गिरोह के दो सदस्यों को भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

इसी क्रम में कांड के मुख्य आरोपी साहिल कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में साहिल ने बताया कि प्रेम प्रसंग को लेकर उनके परिजन को प्रताड़ित करने के कारण उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। मुख्य आरोपी साहिल की निशानदेही पर, पहलेजा थाना पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की और बताए गए स्थान से हथियार बरामद कर लिया। इस दौरान दो अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया है।

बरामद अवैध हथियार के संबंध में पहलेजा थाना में एक और प्राथमिकी 132/25 दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी साहिल कुमार का पहलेजा थाना में एक और आपराधिक इतिहास कांड सं0-63/24 दर्ज है, जिसमें आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराएं शामिल हैं। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष पहलेजा थाना एवं थाना के अन्य पदाधिकारी, कर्मी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

   

सम्बंधित खबर