टिकट चेकिंग से एक दिन में वसूले 3 लाख 40 हजार, नया कीर्तिमान स्थापित
- Admin Admin
- Feb 25, 2025
बीकानेर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम रेलवे के
बीकानेर रेल मंडल पर टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा, बिना टिकट यात्रियों पर लक्ष्य से अधिक मामले बनाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।
इसके अंतर्गत वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी स्क्वाड टीम के साथ सादुलपुर-रेवाड़ी, बठिंडा-हिसार, हिसार-रोहतक, भिवानी रेवाड़ी सहित बीकानेर मंडल के विभिन्न रूटों पर बिना टिकट यात्रियों के कुल 838 मामले बनाये, जो कि लक्ष्य से अधिक हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव के अनुसार मंडल पर एक दिन में बनाये गये कुल 838 वसूली-मामलों में से 91 वसूली-मामले टीटीई बजरंग लाल कौशिक ने भटिंडा-रोहतक रूट पर बनाकर अद्वितीय कार्य किया है। उक्त 838 मामलों में 10 मामले यात्रियों द्वारा धूम्रपान करने पर, गंदगी फैलाने पर व अधिक सामान ले जाने के मामले सम्मिलित हैं। पकड़े गए 838 मामलों से बीकानेर मंडल को कुल 340170 रुपये की आमदनी हुई। जबकि गत वर्ष (24 फ़रवरी, 2024) को मंडल पर कुल 675 मामले बनाये गये जिससे 270960 रुपये की आमदनी हुई थी। इस प्रकार गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष (एक दिन में) 25.54% की अधिक वसूली हुई है। इस वर्ष 1 फरवरी 2025 से 24 फरवरी 2025 तक टिकट चेकिंग से 6345723 रुपये की वसूली हुई है, जबकि गत वर्ष 1 फरवरी 2024 से 24 फरवरी 2024 तक 5883080 रुपए की वसूली हुई थी। इस प्रकार गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष टिकट चेकिंग से 7.86% की अधिक वसूली की है। 1 फरवरी 2025 से 24 फरवरी 2025 तक बिना टिकट यात्रियों के कुल 16577 मामले बनाये गये, जबकि गत वर्ष 1 फरवरी 2024 से 24 फरवरी 2024 तक बिना टिकट यात्रियों के कुल 15043 मामले बनाये गये। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष 10.20% मामले अधिक बनाये गये।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव



