बस्तर संभाग के 39 प्रधान आरक्षकों को सहायक उप निरीक्षक के पद पर मिली पदाेन्नति

जगदलपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन के मंशानुरूप तथा पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी नियमावली अनुसार बस्तर संभाग के 39 प्रधान आरक्षकों को सहायक उप निरीक्षक के पद पर पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज द्वारा पदोन्नति आदेश जारी किया गया।

बस्तर संभाग अंतर्गत जिले में सहायक उप निरीक्षक के रिक्त पद पर क्रमशः बस्तर से 6, दन्तेवाड़ा से 4, कांकेर से 9, बीजापुर से 4, नारायणपुर से 4, सुकमा से 9 एवं कोण्डागांव से 3 कुल 39 प्रधान आरक्षकों को वरिष्ठता क्रम अनुसार सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति प्रदान किया गया है। पदोन्नत हुये सहायक उप निरीक्षकों का नवीन पदस्थापना आदेश पृथक् से जारी किया जावेगा। उल्लेखनीय है कि सहायक उप निरीक्षक के रिक्त पद के विरूद्ध पदोन्नति हेतु विगत दिनों में विभागीय पदोन्नति परीक्षा संपन्न की गई। विभागीय पदोन्नति परीक्षा प्रक्रिया में योग्य पाये प्रधान आरक्षकों को पदोन्नति पूर्व प्रशिक्षण (पी.पी. कोर्स) कराया गया था।

बस्तर आईजी सुन्दरराज पी. ने रेंज मुख्यालय जगदलपुर के शौर्य भवन में आज मंगलवार काे संबोधित करते हुये सहायक उप निरीक्षक पद पर पदोन्नति हुये सभी कर्मचारियों को पदोन्नति की शुभकामनाएं देते हुये, बताया कि बस्तर संभाग में 39 प्रधान आरक्षकों को सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति से ना सिर्फ जवानों के मनोबल में वृद्धि होगी बल्कि जवानों के कार्यक्षमता के साथ-साथ कानून व्यवस्था, अपराधों की रोकथाम, प्रकरणों की विवेचना, नक्सल अभियान एवं पुलिसिंग से संबंधित कार्यों में सकारात्मक बदलाव आएगा।

इस दाैरान पुलिस अधीक्षक, बस्तर शलभ सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर माहेश्वर नाग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर योगेश देवांगन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर