भ्रष्टाचार के आरोपित तृणमूल नेताओं पर कार्रवाई जारी, कई जिलों में गिरफ्तारियां

कोलकाता, 18 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और उगाही के आरोपों में तृणमूल कांग्रेस नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई लगातार जारी है। राज्य के विभिन्न जिलों में अलग-अलग मामलों में कई गिरफ्तारियां की गई हैं।

पहले मामले में दिनहाटा नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन गौरी शंकर माहेश्वरी को भवन निर्माण योजना स्वीकृति घोटाले में सोमवार गिरफ्तार किया गया। इससे एक दिन पहले दिनहाटा नगरपालिका की कर्मचारी मौमिता भट्टाचार्य को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था। रविवार को अदालत में पेश किए जाने के बाद मौमिता को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

एक अन्य मामले में पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष शतदीप घटक को उगाही और आतंक फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को लंबे समय से धमकाने तथा अवैध वसूली करने के आरोप हैं। फरीदपुर थाना पुलिस ने देर रात अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार किया। उन्हें दुर्गापुर उपमंडलीय अदालत में पेश किया गया।

आसनसोल में भी तृणमूल कार्यकर्ता राजू अहोवालिया को कई मामलों, जिनमें उगाही के आरोप भी शामिल हैं, में गिरफ्तार किया गया है।

इधर, दासपुर-1 पंचायत समिति के कार्यकारी निदेशक कुमारेश भुइयां भी पुलिस कार्रवाई के दायरे में आ गए हैं। कुमारेश, पूर्व विधायक ममता भुइयां के पुत्र हैं। उन पर उगाही और गुंडागर्दी के आरोप लगाए गए हैं।

राज्य में पूर्ववर्ती तृणमूल शासन के दौरान कई नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे थे। अब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद से विभिन्न जिलों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आरोपित नेताओं व कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई तेज हो गई है।

   

सम्बंधित खबर