परसा में 6 और 7 जून को होगा 43वीं जिला एथलेटिक्स मीट का आयोजन
- DSS Admin
- May 17, 2026

सारण, 17 मई (हि.स.)। परसा जिला के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए आगामी 6 और 7 जून को परसा हाई स्कूल स्थित स्टेडियम में 43वीं जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर रविवार को परसा प्रखंड परिसर स्थित स्टेडियम में सारण जिला एथलेटिक्स संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक श्यामदेव सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में मौजूद जिला संघ के सचिव गजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पहले इस प्रतियोगिता की मेजबानी एकमा को सौंपने की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से अब सर्वसम्मति से परसा प्रखंड को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। संघ के पत्रांक पांच के आलोक में रोहित यादव को इस प्रतियोगिता का आयोजन सचिव नियुक्त किया गया है, जो जल्द ही अपनी आयोजन समिति का गठन करेंगे। रविवार को जिला संघ की एक विशेष टीम ने परसा पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान राष्ट्रीय ऑफिशियल सह कोच अमित सौरभ ने आयोजन सचिव रोहित यादव को खेल के तकनीकी पहलुओं और मानक संचालन प्रणाली से अवगत कराया। बैठक में जिले भर से आने वाले सैकड़ों खिलाड़ियों के रहने, भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से रणनीति बनाई गई।
सचिव गजेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं तथा पुरुष व महिला वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस जिला मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एथलीटों का चयन सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाली स्टेट एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सारण जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऑन द स्पॉट चयन प्रक्रिया को देखते हुए सभी एथलीटों को अपने साथ जन्म प्रमाण पत्र और पहचान संबंधी जरूरी दस्तावेज आधार कार्ड आदि अनिवार्य रूप से लाने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक और निरीक्षण के दौरान जिला संघ के राज किशोर तिवारी, अमनौर यूनिट के संयोजक कमलजीत कुमार सहित खेल जगत से जुड़े कई लोग उपस्थित थे।
---------------

