45 साल से फरार वारंटी गिरफ्तार, तीन दिन में 200 से ज्यादा दबोचे

कानपुर, 18 मई (हि.स)। कमिश्नरेट कानपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले तीन दिनों में 200 से अधिक एनबीडब्ल्यू वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे लोगों की गिरफ्तारी की गई। इसी दौरान वर्ष 1981 से फरार चल रहे अशोक जैन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय संकल्प शर्मा ने सोमवार को बताया कि अशोक जैन के खिलाफ न्यायालय से एनबीडब्ल्यू जारी था। वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था और न्यायालय में आत्मसमर्पण भी नहीं कर रहा था। पुलिस टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी और सूचना संकलन किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार लगातार निगरानी और सटीक सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर कई पुराने वारंटियों को पकड़ा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी है और जो लगातार फरार चल रहे हैं, उनके खिलाफ इसी प्रकार अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा ने कहा कि लंबे समय से फरार चल रहे लोगों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है। इसके लिए थाना स्तर पर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है, ताकि न्यायालय से जारी वारंटों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जा सके।

   

सम्बंधित खबर