‘बेबी केयर किट’ के लिए 49 करोड़ जारी

मुंबई, 17 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने मातृ व शिशु कल्याण को बल देने की दिशा में ‘बेबी केयर किट’ योजना के लिए 49 करोड़ रुपए का राशि जारी की है। इस फंड से दूसरी प्रसूति के दौरान जन्मे नवजात शिशुओं को आवश्यक देखभाल सामग्री उपलब्ध कराने वाली किटों का भुगतान किया जाएगा।

महिला व बाल कल्याण विभाग की यह योजना है। इस योजना का उद्देश्य नवजात शिशुओं और माताओं को प्रारंभिक देखभाल के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना है। सरकार का मानना है कि जन्म के बाद के शुरुआती दिनों में शिशु की उचित देखभाल और स्वास्थ्य सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए बेबी केयर किट योजना लागू की गई है। सरकारी निर्णयानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजटीय प्रावधानों में से 49 करोड़ रुपए आयुक्त, एकात्मिक बाल विकास सेवा योजना को वितरित व व्यय करने की मंजूरी दी गई है।

यह राशि सामाजिक सुरक्षा व कल्याण विभाग के बाल कल्याण मद के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई है। वर्ष 2026-27 में इस योजना के लिए कुल 120 करोड़ रुपए का बजटीय प्रावधान किया गया है, जिसमें से पहले चरण में 49 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि निधि के उपयोग में वित्त विभाग और नियोजन विभाग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों, नियमों व वित्तीय प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य होगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर