नेशनल पार्क में देखे गए 58 तेंदुए

मुंबई, 5 मई (हि.स.)। वन्य प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। मुंबई के बोरीवली स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (नेशनल पार्क) और तुंगारेश्वर अभयारण्य के आस-पास इलाकों में 58 तेंदुएं पाए गए हैं। इसका खुलासा हाल में किए गए सर्वेक्षण में हुआ है। नेशनल पार्क और पड़ोसी तुंगारेश्वर वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में तेंदुओं की संख्या में वृद्धि हुई है।

यह सर्वेक्षण फरवरी से जून 2024 के बीच एसजीएनपी, आरे डेयरी कॉलोनी और तुंगारेश्वर अभयारण्य में किया गया था। इसके लिए नेशनल पार्क क्षेत्र में 57 स्थानों और तुंगारेश्वर क्षेत्र में 33 जगहों पर कैमरे लगाए गए थे। सर्वेक्षण में 58 तेंदुए पाए गए। इनमें 36 मादा और 16 नर तेंदुओं की संख्या है. 2 तेंदुओं का लिंग निर्धारित नहीं किया जा सका. इसके अलावा 4 शावकों का समावेश है। तुंगारेश्वर वन्यजीव अभयारण्य में 3 वयस्क नर तेंदुए पाए गए हैं। पहली बार साल 2015 में कैमरे में कैद हुई तीन मादाएं वर्ष 2024 में फिर से कैमरे में देखी गई हैं। तेंदुए के अलावा चीतल, सांभर, जंगली बिल्ली, पाम सिवेट जैसी दुर्लभ प्रजातियां भी कैमरे में ट्रैप हुई हैं। इस पूरे अध्ययन में वन विभाग के कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। तेंदुओं की गणना के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए थे।

इस अध्ययन के दौरान पाया गया है कि तुंगारेश्वर अभयारण्य क्षेत्र में पहली बार देखा गया एक नर तेंदुआ विषम परिस्थितियों के बीच वसई किले तक पहुंच गया। वह घनी मानव बस्तियों, हाईवे और रेलवे लाइनों को पार करते हुए लगभग 9 किलोमीटर की दूरी तय करके वसई किले तक पहुंचा। यह अपने आप में तेंदुओं की परिस्थितियों के अनुरूप ढलने की क्षमता को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

   

सम्बंधित खबर