उत्कृष्ट योगदान के लिए 61 महिला कर्मचारियों को पश्चिम रेलवे ने किया सम्मानित

मुंबई, 21 मार्च, (हि. स.)। पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा क्षमा मिश्र महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा कमलेश बुटानी और सचिव मीता श्रीवास्तव ने चर्चगेट स्थित पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए पश्चिम रेलवे की 61 महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया। सम्मान समारोह का आयोजन पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन के कार्यकारी सदस्यों की उपस्थिति में किया गया। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों, कारखानों और मुख्यालय के सभी विभागों की 61 महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मेरिट सर्टिफिकेट और नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। क्षमा मिश्र ने सभी पुरस्कार विजेता महिलाओं के काम की प्रशंसा की और उन्हें अन्य महिला रेलवे कर्मचारियों के लिए रोल मॉडल बताया। इसी कड़ी में रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों की सहायता के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती मिश्र ने रेलवे लाभार्थियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए मुंबई सेंट्रल स्थित पश्चिम रेलवे के जगजीवन राम अस्पताल को 12 चैनल ईसीजी मशीन दान की।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

   

सम्बंधित खबर