नगर निगम इलाकों में जलभराव से निपटने के लिए जारी हुई 750 करोड़ की धनराशि
- Admin Admin
- Mar 03, 2025

लखनऊ, 03 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बारिश के दिनों में नगर निगम इलाकों में जलभराव एवं बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए प्रदेश सरकार ने 750 करोड़ की धनराशि जारी की है। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता के अनुसार नगर विकास विभाग को पांच नगर निगम इलाकों लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, मथुरा, शाहजहांपुर एवं अन्य नगर निगम क्षेत्रों में जलभराव, बाढ़ से बचाव के लिए आधुनिक तकनीकों, जल निकासी प्रणाली के सुधार और नदी तटों के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश जारी हुए हैं।
लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, मथुरा और शाहजहांपुर में ड्रेनेज सिस्टम को विकसित करने के लिए अभी जारी हुई 733 करोड़ की धनराशि से लखनऊ में किला मोहम्मदी नाला का पुनर्विकास होगा। इसके लिए 193.73 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है, जिसके तहत 10.571 किलोमीटर लम्बी जल निकासी प्रणाली विकसित की जाएगी। इससे 2.5 लाख की आबादी को राहत मिलेगी।
लखनऊ के गेटापल्ली नाले का डायवर्जन किया जाएगा। इसके लिए 112.47 करोड़ की लागत से 4.435 किलोमीटर लम्बी आरसीसी ड्रेनेज लाइन बिछाई जाएगी। इससे 5 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। वहीं मेरठ में ओडेन ड्रेन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 156.79 करोड़ की लागत से 18.33 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कवर करने वाली जल निकासी प्रणाली विकसित की जाएगी, जिससे 4.35 लाख लोग लाभान्वित होंगे। इसके अलावा गाजियाबाद में शाहबेरी ड्रेन का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर 132.65 करोड़ खर्च किए जाएंगे, जिससे 3.9 लाख लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
वहीं मथुरा में भूतेश्वर से अंबाखर नाले तक जल निकासी परियोजना पर 89.71 करोड़ की धनराशि खर्च की जाएगी। इस परियोजना से 75,000 लोगों को राहत मिलेगी। शाहजहांपुर में रोज़ा अड्डा से दमह पुलिया तक जल निकासी में सुधार किया जाएगा। इसके लिए 47.75 करोड़ की लागत से जल निकासी नेटवर्क का विकास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श.चन्द्र