बरपानी नदी का तटबंध टूटने से आठ मकानाें में भरा पानी

नगांव (असम), 20 अगस्त (हि.स.)। जिले के कामपुर में एक फिर से बाढ़ आने से लोग परेशान हैं। जलस्तर बढ़ने से कसुवा के माधवपारा में बरपानी नदी का तटबंध टूट गया। जिससे इलाके के आठ परिवाराें के मकानाें में बाढ़ का पानी भर गया है।

राज्य में लगातार बारिश के कारण अनेक हिस्सों में बाढ़ की स्थिति फिर से एक बार उत्पन्न हो गयी है। इस कड़ी में लगातार बरसात के कारण कार्बी लांग्पी जल विद्युत परियोजना जलस्तर में काफी वृद्धि हुई है, जिसके चलते बीती रात परियोजना के गेट खोले जाने से बरपानी नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है।

बताया गया कि कसुवा के माधवपारा में बरपानी नदी के बाढ़ के पानी से तटबंध टूट गया, जिसके चलते इलाके में बाढ़ आ गयी है। बाढ़ के पानी में आठ परिवारों के आवासों में पानी भर गया है। वहीं दूसरी ओर शाली धान की खेती भी डूब गयी है। कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गये हैं। जिला प्रशासन बाढ़ राहत कार्यों में जुट गया है। राज्य में इस वर्ष तीसरी बार बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय / सुनील सक्सेना

   

सम्बंधित खबर