कानपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। महाराजपुर थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन अवैध पिस्टल बरामद की हैं। आरोपित के खिलाफ पहले से चोरी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और इनके इस्तेमाल की मंशा की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि थाना महाराजपुर पुलिस अपनी टीम के साथ फतेहपुर-कानपुर हाईवे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुरवामीर क्षेत्र स्थित मां वैष्णो रिसॉर्ट के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके झोले से तीन अवैध पिस्टल बरामद हुईं। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद अजीम खान, निवासी छोटी बाजार, थाना कोतवाली, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ फतेहपुर के कोतवाली थाने में चोरी, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अवैध पिस्टल कहां से लाई गई थीं और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था या किस वारदात में इस्तेमाल किया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।

