शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी भीषण आग, गृहस्थी का सामान जलकर खाक

उरई, 28 जून (हि.स.)। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पचोखरा में रविवार दोपहर बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक मकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा लाखों रुपये का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों और दमकल विभाग की टीम की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पचोखरा निवासी मकबूल खान पुत्र जमाल खान के घर में रविवार दोपहर अचानक बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हो गया। चिंगारी निकलते ही घर में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घर की महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बाल्टियों और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के मकानों तक भी आग फैल सकती थी।

गृहस्वामी मकबूल खान ने बताया कि आग की चपेट में आने से घर में रखा फ्रिज, कूलर, कपड़े, अनाज, बिस्तर, फर्नीचर तथा अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का भी संकट खड़ा हो गया है।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को तत्काल भेजा गया था। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है तथा प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट सामने आया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर