संदिग्ध परिस्थितियों में छात्र और छात्रा ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर, 15 मई (हि.स.)। नरवल थाना क्षेत्र के दीपापुर गांव में पड़ोस में रहने वाले छात्र और छात्रा ने आत्महत्या कर ली। बुधवार की देर रात बीए प्रथम वर्ष के छात्र विपिन (20) ने फांसी लगा ली। तो वहीं गुरुवार को 12वीं की छात्रा रिया उर्फ पूर्णिमा (18) ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई है।

मृतक विपिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बुधवार की देर रात उसने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी परिजनों को गुरुवार को हुई। विपिन के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर रहने वाली 12वीं की छात्रा रिया ने भी फांसी लगा ली। दोनों की मौत के बाद गांव में हड़कम्प मच गया।

दीपापुर गांव में रहने वाले विनय किसान हैं। परिवार में उनके अलावा पत्नी शांति देवी और तीन बेटे विनीत, विवेक और सुधीर हैं। जबकि एक बेटी रिया थी। वहीं मृतक विपिन के परिवार में पिता अमर सिंह भाई अशोक और बहन अंजलि है।

छात्रा के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी काफी भावुक थी। पड़ोस में हुई घटना का सदमा बर्दास्त नहीं कर सकी, इसलिए उसने भी फांसी लगा ली।

नरवल थाना प्रभारी राम मूरत पटेल ने बताया कि परिजनों ने घटना की सूचना काफी देर बाद दी थी। पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया था। लेकिन काफी समझाने बुझाने के बाद वह लोग राजी हुए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

   

सम्बंधित खबर