ट्राईसाईकिल के लिए बैसाखी से पहुंचा दिव्यांग, डीसी ने ऑन द स्पॉट कराया उपलब्ध
- DSS Admin
- May 19, 2026
कागजी नहीं है जनता दरबार, जरूरतमंदों को तत्काल मिलेगी सहायता : डीसी
रामगढ़, 19 मई (हि.स.)। रामगढ़ डीसी ऋतुराज ऑन द स्पॉट कार्रवाई करने के लिए काफी मशहूर हैं। मंगलवार को समाहरणालय परिसर में दुलमी प्रखंड का एक दिव्यांग ट्राईसाइकिल की मांग करने के लिए बैसाखी के सहारे पहुंचा था। जब वह डीसी से मिला तो चंद पलों में ही उसका सपना साकार हो गया। उसे उम्मीद ही नहीं थी कि वह जिस चीज के लिए आवेदन देने गया है, वह उसपर सवार होकर अपने घर पहुंचेगा। डीसी ऋतुराज ने जब उस दिव्यांग युवक को ट्राईसाइकिल पर बिठाया तो उसकी आंखों से आंसू छलक गए।
बोंगाई गांव से डीसी से मिलने पहुंचा था उमेश
30 वर्षीय उमेश गंझू दुलमी प्रखंड के बोंगाई गांव का रहने वाला है। वह मंगलवार को डीसी ऋतुराज की जनता दरबार में फरियाद लेकर आया था। वह पिछले कई महीनों से ट्राईसाइकिल की मांग कर रहा था। डीसी ने उसकी मांग पर तत्काल संज्ञान लिया और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को ऑन द स्पॉट ट्राई साइकिल मुहैया कराने का निर्देश दिया।
डीसी के प्रति जताया आभार
ट्राइसाइकिल मिलने पर भावुक होते हुए उमेश गंझू ने सरकार और डीसी ऋतुराज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, यह सिर्फ एक साइकिल नहीं है, बल्कि मेरे लिए बैसाखी मुक्त आत्मनिर्भर जीवन की नई शुरुआत है। जनता दरबार में इतनी जल्दी मेरी सुनवाई होगी, इसकी मुझे उम्मीद नहीं थी।
कागजी नहीं है जनता दरबार, जरूरतमंदों को तत्काल मिलेगी सहायता
डीसी ऋतुराज ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य ही यही है कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की समस्या का बिना किसी कागजी लेटलतीफी के तुरंत समाधान किया जा सके। हर जरूरतमंद और दिव्यांगजन को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें हर संभव सहायता पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
---------------

