नंदा देवी महोत्सव : विश्व शांति के लिए हुआ हवन, श्रीराम सेवक सभा में सजी सांस्कृतिक सुरों की शाम

नैनीताल, 12 सितंबर (हि.स.)। सरोवरनगरी में आयोजित हो रहे 122वें नंदा महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को विश्व शांति के लिए हवन किया गया। इसमें दुर्गा सप्तशती के पाठ के बाद हवन आहुति दी गई। हवन पं. भगवती प्रसाद जोशी ने किया और सभी के निरोगी एवं सुख-शांति से रहने की प्रार्थना की।

लोक कर्मी बृजमोहन जोशी ने लोक गीतों पर प्रकाश डाला। ग्राम रोखड़ निवासी दीपक जीना, जिनके घर से कदली दल लाए गए थे, उन्होंने कदली वृक्ष का महत्व बताया। स्वयंसेवी संस्था मोनाल के प्रतिनिधियों ने जीरो वेस्ट, पर्यावरण सुरक्षा और वेस्ट से गिफ्ट बनाने की कला पर चर्चा की। साथ ही नायला खान, प्रेमलता, नेहा, प्रेरणा, नाहिद और कविता ने महिला पोषण पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जानकारी दी। साथ ही त्रिवेणी ग्रुप की गीता साह, हेमा नेगी, गीता बवाड़ी और भावना रावत ने संस्कृति पर विचार साझा किए। पारस, विनोद जोशी, वंश और रक्षित ने मां को समर्पित भजन प्रस्तुत किए। सफाई और सुरक्षा अभियान के तहत मेरा कूड़ा, मेरी जिम्मेदारी के साथ ड्रग्स पर चर्चा की गई। प्रदीप पांडेय ने मशरूम पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट, डॉ. ललित तिवारी, डॉ. कपिल जोशी, मीनाक्षी कीर्ति, ईशा साह और नवीन पांडेय ने किया। पंच आरती से पहले बृजमोहन जोशी, मुकुल जोशी, कैलाश जोशी और पारस ने भक्ति पूर्ण भजन प्रस्तुत किए। श्रीराम सेवक सभा के प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। हवन के पश्चात डीएसए पैविलियन के पास बड़ी संख्या में लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। वहीं आकर्षण पंच आरती में विधायक सरिता आर्य, नगर पालिका प्रशासक केएन गोस्वामी और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

   

सम्बंधित खबर