हुल क्रांति के अमर वीर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि अर्पित करते डीसी

डीसी-एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने सिद्धो मुर्मू, कान्हू मुर्मू, फूलो मुर्मू, झानो मुर्मू, चांद मुर्मू एवं भैरव मुर्मू की चित्रों पर किया पुष्प अर्पित

रामगढ़, 30 जून (हि.स.)। रामगढ़ में हुल दिवस के अवसर पर मंगलवार को समाहरणालय परिसर में जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीसी ऋतुराज एवं एसपी मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में हुल क्रांति के अमर वीर शहीद सिद्धो मुर्मू, कान्हू मुर्मू, फूलो मुर्मू, झानो मुर्मू, चांद मुर्मू एवं भैरव मुर्मू की चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

इस अवसर पर डीसी ने कहा कि हुल क्रांति भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय है। सिद्धू-कान्हू सहित हुल आंदोलन के सभी वीर सेनानियों ने जल, जंगल और जमीन तथा अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका त्याग, साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि हुल दिवस हमें अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और आदर्शों को स्मरण करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है। जिला प्रशासन उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक नमन करता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने हुल क्रांति के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाहरणालय के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर