
फिरोजाबाद, 10 मार्च (हि.स.)। थाना उत्तर क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को एक सिल्वर पाउडर बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। आग से कोई जनहानि नहीं हुई।
थाना उत्तर क्षेत्र के द्वारिकापुरी में अविनाश और राहुल नाम के दो लोग सिल्वर पाउडर बनाने वाली फैक्ट्री चलाते हैं। सोमवार को फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से विस्फोट हुआ। जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय फैक्ट्री में राहुल मौजूद था। जिसने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ फायर बिग्रेड की गाड़िया मौके पर पहुंच गई।
सीएफओ सतेंद्र कुमार पांडे के नेतृत्व में फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। आग लगने के पीछे सम्भवतः शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी उत्तर राजेश पांडेय ने घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया है।
सीओ अरुण कुमार चौरसिया का कहना है सिल्वर पाउडर बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगी है। आस पास के घरों को खाली करा दिया गया है। आग पर काबू पा लिया गया है। आग से कोई जनहानि नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़