नेकां में बड़ी संख्या में महिलाएं हुई शामिल

नेकां में बड़ी संख्या में महिलाएं हुई शामिल


जम्मू, 31 मई । नेशनल कांफ्रेंस के जम्मू स्थित शेर-ए-कश्मीर भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ एनसी नेता और पूर्व विधायक बिमला लूथरा ने किया। इस मौके पर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आई महिलाओं ने पार्टी के जनकल्याणकारी एजेंडे से प्रभावित होकर निष्ठा के साथ नेकां की सदस्यता ली। पार्टी में शामिल होने वाली महिलाओं का स्वागत प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता, बिमला लूथरा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए रतन लाल गुप्ता ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की सरकार की सराहना करते हुए कहा उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए कई प्रभावी योजनाओं को तेजी से लागू कर अपना वादा निभाया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने अपने कार्यकाल के शुरुआती पाँच महीनों में कई अहम फैसले लिए, जिनमें सरकारी बसों में महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा, एएवाई परिवारों के लिए विवाह सहायता राशि को 50,000 रूपये से बढ़ाकर 75,000 रूपये करना, प्रति माह 200 यूनिट मुफ्त बिजली और राशन को 5 किलोग्राम से बढ़ाकर 10 किलोग्राम करना शामिल है।

रतन लाल गुप्ता ने कहा नेशनल कांफ्रेंस हमेशा से महिलाओं और आम जनता के कल्याण को सर्वोपरि रखती आई है। उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों की बहाली और जनआकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। बिमला लूथरा ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नेशनल कांफ्रेंस ने हमेशा महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता को प्राथमिकता दी है। उन्होंने पार्टी की ऐतिहासिक पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि एनसी नेतृत्व ने वर्षों से महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने उमर अब्दुल्ला की सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की प्रशंसा की जो महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बनाई गई हैं।

   

सम्बंधित खबर