हर बिहारी के लिए गर्व का क्षण, पीएम मोदी ने ठेकुआ को दिलाई वैश्विक पहचान : सरावगी

पटना, 19 जून (हि.स.)। भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्लोवाकिया के संसद अध्यक्ष (स्पीकर) रिचर्ड राशी को बिहार के पारंपरिक खाद्य पदार्थ ‘ठेकुआ’ भेंट किये जाने को पूरे बिहार के लिए गर्व और भावुक कर देने वाला क्षण बताया।

उन्होनें कहा कि ठेकुआ की पहचान छठ महापर्व पर महाप्रसाद के रूप में है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह केवल एक मिठाई या प्रसाद नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक आस्था और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है।

संजय सरावगी ने कहा कि कभी गांव-घर और छठ पर्व तक सीमित रहने वाला ठेकुआ आज वैश्विक मंच पर बिहार की पहचान बनकर स्थापित हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस आत्मीयता के साथ विदेशी गणमान्य अतिथि को ठेकुआ भेंट किया, उससे यह स्पष्ट होता है कि वे भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं और स्थानीय विरासत को विश्व मंच पर सम्मान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति, अनुशासन, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का महापर्व है। ठेकुआ इस महापर्व का सबसे महत्वपूर्ण प्रसाद माना जाता है, जो बिहार की सांस्कृतिक आत्मा से जुड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री द्वारा इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना बिहार की संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की लोक परंपराओं, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर नई प्रतिष्ठा मिल रही है। चाहे योग हो, आयुर्वेद हो, मिलेट्स हों या फिर विभिन्न राज्यों की पारंपरिक विरासत, केंद्र सरकार ने उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया है। उसी कड़ी में ठेकुआ का यह सम्मान भी बिहारवासियों के लिए गौरव का विषय है।

संजय सरावगी ने कहा कि आज हर बिहारी स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह क्षण केवल बिहार ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध परंपराओं के सम्मान का प्रतीक है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से बिहार की सांस्कृतिक धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नई पहचान मिल रही है, जिससे राज्य की गौरवशाली विरासत और अधिक सशक्त होकर दुनिया के सामने उभर रही है।

उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री को युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों की समान रूप से चिंता है और उनकी सरकार लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जो देश के सर्वांगीण विकास को गति प्रदान कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर हैं। युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है।

इसी कड़ी में प्रधानमंत्री द्वारा करीब 2400 करोड़ रुपये की योजनाओं का शुभारंभ किया जाना युवाओं और देश के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और मोदी सरकार उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यसभा चुनाव के संदर्भ में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विचारधारा, सुशासन और विकास की नीतियों से प्रभावित होकर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भाजपा का समर्थन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अन्य दलों में भी ऐसे अनेक लोग हैं जो भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री के नेतृत्व से प्रभावित हैं।

उन्होंने कहा कि कारण है कि भारतीय जनता पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार को व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ, जिसके परिणामस्वरूप उनकी विजय सुनिश्चित हुई।

सरावगी ने कहा कि देश की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ खड़ी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का जनसमर्थन लगातार मजबूत होता जा रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर