लखनपुर के धन्ना गांव में सोते व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत, 15 दिनों में तीसरी वारदात से बढ़ी चिंता

A sleeping man was shot dead in Dhanna village, Lakhanpur, sparking panic in the area, the third such incident in 15 days.


कठुआ, 16 मई । जिला कठुआ के लखनपुर थाना क्षेत्र के धन्ना गांव में बीती रात एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावर ने घर में सो रहे एक व्यक्ति को देसी बंदूक से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान रूप सिंह के रूप सिंह उम्र 40 वर्ष में हुई है जो अपने घर में परिवार के साथ सो रहा था। जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे एक अज्ञात हमलावर सड़क की ओर से घर की खिड़की के पास पहुंचा और अंदर सो रहे रूप सिंह पर फायर कर दिया। घटना के समय उसकी पत्नी और दो बच्चे भी उसी कमरे में मौजूद थे। गोली की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल रूप सिंह को तुरंत इलाज के लिए जीएमसी कठुआ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश जारी है। इस वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और गमगीन माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस छोटे से गांव में पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई जिससे लोग बेहद डरे हुए हैं। मृतक रूप सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटियां छोड़ गया है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर न्याय दिलाने की मांग की है।

वहीं कठुआ जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं भी चिंता का विषय बनती जा रही हैं। पिछले 15 दिनों में हत्या और संदिग्ध मौत के करीब पांच मामले सामने आ चुके हैं जिनमें हाल ही में दो भाइयों की हत्या और अन्य घटनाएं शामिल हैं। इन घटनाओं ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर