ऑनलाइन गेम के मायाजाल में फंस कर किशोर ने की आत्महत्या

सिलीगुड़ी,17 अप्रैल (हि.स.)। शहर के घोगोमाली चयनपाड़ा इलाके में रहने वाले एक किशोर ने आनलाइन गेम के मायाजाल में फंस कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृत किशोर का नाम सुजय पाल है। बुधवार देर रात किशोर का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि किशोर दस वर्षों से अपने पिता, माता और बहन के साथ चयनपाड़ा इलाके में एक किराए के मकान में रहता था।सूत्रों के अनुसार, किशोर कई दिनों से ऑनलाइन गेम के मायाजाल में फंसा हुआ था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, सुजय कुछ दिनों से दिन रात ऑनलाइन गेम खेलता था। गेम में सुजय इस तरह से फंस गया था कि अपने पिता के बैंक खाते से पैसे निकाल कर ऑनलाइन गेम में लगाना शुरू कर दिया। इस दौरान लगभग दो लाख गंवा दिये। जिसके बाद देर रात उसका फंदे से झूलता शव घर से बरामद हुआ। आशीघर चौकी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने किशोर के मोबाइल को भी जब्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

   

सम्बंधित खबर