
धमतरी, 18 मार्च (हि.स.)। मामूली विवाद को लेकर एक युवक की एक ही परिवार के छह लोगों ने मिलकर डंडा से पीटकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने परिवार के सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में तीन महिला व तीन पुरूष है। सभी आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
बिरेझर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी धनेश्वर साहू पुत्र प्रभुराम साहू निवासी मड़ेली ने बिरेझर चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि, 15 मार्च को दोपहर वह अपने दोस्त गजेन्द्र साहू, देवेन्द्र साहू, डूम्मू यादव के साथ गजेन्द्र के मोटर सायकल में बैठकर घूमने के लिए भाठापारा मड़ेली की ओर गए थे। सभी दोस्त गोठान के किनारे बाइक खड़ी कर गोठान के अंदर गए ,जहां भाठापारा मड़ेली निवासी चेतन साहू अपने साथियों के साथ बैठा हुआ था। यहां गजेन्द्र साहू का चेतन के साथ मामूली बातों को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान चेतन साहू व उसके साथी वहां से भाग गए और चारों गोठान से बाहर निकलकर रोड के तरफ जा रहे थे, तभी चेतन साहू के परिवार के सदस्य चंदू साहू, द्वारिका साहू, चन्द्रिका साहू, खुशबू साहू, तारिणी साहू लाठी -डंडा लेकर आए और सभी लोग मिलकर उनके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने लगे।
धनेश्वर साहू के साथ मारपीट होते देख उनके साथी गजेन्द्र साहू उर्फ बिट्टू बीच बचाव करने आ रहा था, तभी पीछे से चेतन साहू अपने हाथ में लड़की का बत्ता लेकर दौड़ते हुए आया और गजेन्द्र साहू के सिर पर दो-तीन बार जानलेवा हमला कर दिया, जिससे गजेन्द्र साहू जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। इसके बाद भी चेतन अपने हाथ में रखे लकड़ी के बत्ता से गजेन्द्र उर्फ बिट्टू को मारते रहा। जबकि गजेन्द्र बेहोश पड़ा था। इधर प्रार्थी धनेश्वर साहू किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। मारपीट की बात सूनकर गजेन्द्र के भाई गिजेन्द्र साहू एवं प्रार्थी के भाई डेमन साहू, भुनेश्वर साहू व अन्य लोग आए और गजेन्द्र उर्फ बिट्टू को बेहोशी की हालत में होने से इलाज के लिए कुरूद अस्पताल ले गए। गजेन्द्र साहू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल रायपुर लेकर गए थे, जहां रात करीब नौ बजे गजेन्द्र साहू उर्फ बिट्टू की मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार इस घटना की रिपोर्ट पर बिरेझर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर विवेचना के दौरान घटना स्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी एवं गवाहों के कथन के आधार पर सभी आरोपितों की पतासाजी कर आरोपितों को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ किया, तो हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त सामाग्रियों को पुलिस ने जब्त किया। गिरफ्तार आरोपितों में चेतन साहू 24 वर्ष ग्राम मड़ेली, चन्दू राम साहू 42 वर्ष, द्वारिका राम साहू 52 वर्ष, खुशबू साहू 22 वर्ष, चन्द्रिका बाई साहू 45 वर्ष और तारिणी साहू 25 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा