राम मंदिर निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच हो : केजरीवाल
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े मामलों में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए इसकी निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की।
केजरीवाल ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण से जुड़े भूमि सौदों, निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे के उपयोग में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ मामलों में कम कीमत पर खरीदी गई जमीन को कुछ ही समय बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को कई गुना अधिक कीमत पर बेचा गया, जिससे करोड़ों रुपये का कथित घोटाला हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों के ठेकों में कथित रूप से कमीशन की मांग की गई। मंदिर परिसर में चढ़ावे की चोरी की घटनाएं हुईं और इससे संबंधित सीसीटीवी फुटेज का बड़ा हिस्सा बाद में हटा दिया गया।
केजरीवाल ने इन आरोपों की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कि यह जांच केवल औपचारिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईटी भूमि और निर्माण से जुड़े कथित घोटालों की जांच करने के बजाय केवल चढ़ावे की चोरी तक ही सीमित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के वास्तविक जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है और गिरफ्तार किए गए लोग केवल छोटे स्तर के आरोपी हैं। केजरीवाल ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा उच्चतम न्यायालय की निगरानी में कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियां इस मामले में निष्पक्ष जांच करने की स्थिति में नहीं हैं क्योंकि वे केंद्र सरकार के अधीन कार्य करती हैं।
---------------

