जम्मू में एसीबी ने श्रम विभाग के वरिष्ठ सहायक गुरदास को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया

जम्मू,, 28 जून (हि.स.)।

जम्मू में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने श्रम विभाग के फैक्ट्री एवं बॉयलर निरीक्षक कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक गुरदास को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में एसीबी ने एईई एवं फैक्ट्री एंड बॉयलर्स इंस्पेक्टर रविंदर कुंडू और वरिष्ठ सहायक गुरदास के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी बॉयलर निरीक्षण संबंधी फाइल को प्रोसेस और मंजूरी देने के बदले एईई रविंदर कुंडू ने 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के दौरान यह रकम घटाकर 40 हजार रुपये तय की गई और यह राशि कार्यालय के वरिष्ठ सहायक गुरदास के माध्यम से देने को कहा गया। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने पूरे मामले की जानकारी एंटी करप्शन ब्यूरो को दी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने गुप्त सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसीबी ने विशेष ट्रैप टीम का गठन किया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए गुरदास को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप के दौरान एईई रविंदर कुंडू अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे।

एसीबी ने आरोपी गुरदास के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली है। साथ ही दोनों आरोपियों के आवासों पर भी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया गया। एसीबी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर