पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मोटर साइकिल सवार पटना के एक युवक की मौत

सुलतानपुर, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के खालिसपुर दुर्गा गांव के पास रविवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मोटर साइकिल सवार दोनों युवक गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रहे थे। चालक को रास्ते में नींद आने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पटना के खगौल निवासी भक्सर (20) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खगौल निवासी शनि (19) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। घायल शनि को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबेडकर नगर रेफर कर दिया। घायल युवक बेहोशी की हालत में था।

दोस्तपुर थाना के एसआई कृष पाल यादव ने रविवार को बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

   

सम्बंधित खबर