गिलहरियों का शिकार करने वाले सात आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
सुकमा, 19 जून (हि.स.)। कोंटा विकासखंड के गोलापल्ली गांव का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें आराेपित शिकारियाें द्वारा तीन मृत गिलहरियों और एक बंदर के साथ दिख रहे थे। वायरल वीडियो में वन्य जीव शिकार की आशंका को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने तत्काल संज्ञान लेकर जांच शुरू की। सुकमा वनमंडल की टीम ने जांच के दाैरान वीडियो में दिख रहे व्यक्तियों की पहचान कर जांच टीम ने इस मामले पर ग्राम गोलापल्ली में कार्रवाई करते हुए कुल 7 आरोपियों 1. मड़कम आनंद, निवासी गोलापल्ली, 2. सोड़ी बिच्चैया, निवासी माड़ीगुड़ा, 3. माड़वी राजू, निवासी माड़ीगुड़ा, 4. माड़वी चलपनी, निवासी माड़ीगुड़ा, 5. सुकमा सोमैया, निवासी माड़ीगुड़ा, 6. उईका इशाक, निवासी लक्ष्मीपुरम, 7. मल्लम चन्द्रा, निवासी सिंगाराम को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने स्वीकार किया कि, उन्होंने विशाल भारतीय गिलहरियों का शिकार किया था और उनका मांस भी खाया था। आरोपितों के कब्जे से एक देसी निर्मित हथियार, 2 गुलेल और घटना से संबंधित मोबाइल फोन जब्त किए गए है । इन सभी आरोपितों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपितों के विरूद्ध कार्यवाही उपरांत आज शुक्रवार काे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की वैज्ञानिक जांच सुनिश्चित करने के लिए घटनास्थल से प्राप्त बालों के नमूने और जब्त मोबाइल फोन को फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वनमंडल ने आम नागरिकों से अपील की है कि, वन्यजीव संरक्षण में सहयोग करें और किसी भी प्रकार के अवैध शिकार या वन्य अपराध की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
---------------

